कोटद्वार: नगर निगम बोर्ड बैठक की स्वीकृतियों पर महापौर का सम्मान, जनसंवाद कर समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन,,,।










कोटद्वार/पौड़ी गढ़वाल*** वार्ड संख्या 31 पदमपुर (मोटाढाक) के अंतर्गत उमरावनगर कॉलोनी में नगर निगम बोर्ड बैठक में वार्ड 31 पदमपुर से संबंधित विभिन्न विकास कार्यों के स्वीकृत होने के उपलक्ष्य में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत का पार्षद सौरव नौडियाल एवं उमरावनगर जनकल्याण समिति द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं शॉल ओढ़ाकर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत ने स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित किया तथा नगर निगम से जुड़ी सड़क, जलापूर्ति, नालियों, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने उपस्थित जनता को आश्वस्त किया कि प्राप्त समस्याओं का समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराया जाएगा तथा विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी।
महापौर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहर के प्रत्येक वार्ड में समान विकास सुनिश्चित करना है और जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों के सहयोग से ही यह लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने स्वीकृत विकास कार्यों के शीघ्र क्रियान्वयन की भी बात कही।
साथ ही कोटद्वार में ओला-उबर की तर्ज पर “ऐप UK ड्राइव” स्टार्टअप की शुरुआत करने वाले वार्ड के होनहार युवाओं मनमोहन चौहान, दीपक खत्री, अभिषेक नेगी एवं अभय डबराल को भी उनके नवाचार, स्वरोजगार एवं स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने की पहल के लिए महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत, पार्षद सौरव नौडियाल एवं उमरावनगर जनकल्याण समिति द्वारा सम्मानित किया गया। महापौर जी ने युवाओं की इस पहल की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं तथा कहा कि ऐसे स्टार्टअप शहर के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद सौरव नौडियाल, उमरावनगर जनकल्याण समिति के अध्यक्ष अनिल नेगी, श्री जगमोहन रावत, कैलाशचंद्र बलोधी, पंकज नेगी, हरीश जोशी, विमला शुक्ला, गुड्डी गुसाईं, मीनाक्षी जुयाल, बीना भट्ट सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रकाशचंद्र देवरानी द्वारा किया गया। अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया।




