कोटद्वार: पुलिस की सतर्कता से टली अनहोनी, महिला को सकुशल किया परिजनों सुपुर्द,,,।

कोटद्वार/पौड़ी गढ़वाल*** वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा जनपद के समस्त थाना प्रभारियों को आमजन की सुरक्षा एवं सहायता हेतु सदैव तत्पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। उनके निर्देशन में पुलिस बल को सतर्कता, संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्यवाही के साथ प्रत्येक नागरिक की सहायता सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है, जिससे जनपद में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे तथा आमजन में सुरक्षा का भाव बना रहे।
निर्गत निर्देशों के क्रम में कोतवाली कोटद्वार के चौकी दुगड़ड़ा क्षेत्र में सूचना प्राप्त हुई कि सिद्धबली मंदिर से आगे लाल पुल के पास जंगल क्षेत्र में एक महिला अकेले घूम रही है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां महिला संदिग्ध अवस्था में मिली और अपना नाम-पता स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रही थी, साथ ही मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही थी।
सुरक्षा की दृष्टि से महिला को चौकी दुगड़ड़ा लाकर शांतिपूर्वक पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान महिला ने अपना नाम सतीश्वरी देवी निवासी ग्राम गहड़, लैंसडाउन बताया। महिला के पास मिले मोबाइल फोन के माध्यम से उसकी पुत्री से संपर्क स्थापित किया गया। पुत्री द्वारा बताया गया कि वह अपने भाई के साथ हरिद्वार में रहकर नौकरी करती है तथा उनकी माता गांव में अकेली रहती हैं परिजनों के पहुंचने में समय लगने के कारण महिला को चौकी पर सुरक्षित रखा गया तथा उन्हें भोजन भी उपलब्ध कराया गया। लगभग 2 घंटे पश्चात परिजन चौकी पहुंचे, जिनके सुपुर्द महिला को सकुशल कर दिया गया। परिजनों द्वारा पौड़ी पुलिस की तत्परता एवं संवेदनशीलता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया गया।



