कोटद्वार: पुलिस निरीक्षक से लेकर होमगार्ड जवानों ने योग दिवस पर किया रक्तदान,,,

योग से स्वस्थ तन, रक्तदान से सुरक्षित जीवन—जनसेवा में सदैव अग्रणी पौड़ी पुलिस, निरीक्षक से लेकर होमगार्ड जवान तक कुल 12 लोगों ने योग दिवस पर किया रक्तदान।




कोटद्वार / पौड़ी गढ़वाल *** अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोटद्वार में सेवा, समर्पण और मानवता का प्रेरणादायी संगम देखने को मिला। रोटरी क्लब कोटद्वार के स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आधारशिला रक्तदान समूह के सहयोग से आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में कोटद्वार पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रक्तदान किया।
एम्स ऋषिकेश की विशेषज्ञ टीम द्वारा आयोजित इस शिविर में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।जिसमें विशेष रूप से थाना कोटद्वार पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने रक्तदान कर यह संदेश दिया कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि समाज सेवा और मानव जीवन की रक्षा के लिए भी सदैव तत्पर है।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक शशि भूषण जोशी, चौकी प्रभारी बाजार उपनिरीक्षक विनोद चपराना सहित अन्य पुलिसकर्मियों एवं होमगार्ड के कुल 12 जवानों ने रक्तदान कर जरूरतमंदों के जीवन बचाने के इस पुनीत अभियान में अपना योगदान दिया।
रक्तदान शिविर के माध्यम से पुलिसकर्मियों ने समाज को यह प्रेरणादायी संदेश दिया कि रक्तदान एक ऐसा महादान है, जिससे किसी अंजान व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। योग दिवस पर किया गया यह मानव सेवा का कार्य जनकल्याण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति पुलिस की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।




