पौड़ी गढ़वाल उत्तराखंड

पौड़ी गढ़वाल: 1,163 ग्राम पंचायतों में उप प्रधान निर्वाचन संपन्न, 1,157 उप प्रधान निर्वाचित, 1,031 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन, 126 पदों पर हुआ मतदान, छह पद रहे रिक्त,,,।

[gtranslate]

सभी विकासखंडों में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई निर्वाचन प्रक्रिया : जिला निर्वाचन अधिकारी

पौड़ी गढ़वाल / उत्तराखंड *** त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2026 के अंतर्गत जनपद पौड़ी गढ़वाल की 1,163 ग्राम पंचायतों में उप प्रधान पदों के निर्वाचन की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हो गयी। निर्वाचन के उपरांत जनपद में कुल 1,157 उप प्रधान निर्वाचित हुए, जिनमें 1,031 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ, जबकि 126 पदों पर मतदान के माध्यम से उप प्रधान चुने गए। नामांकन न होने तथा नामांकन पत्र निरस्त होने के कारण छह पद रिक्त रह गए।

जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बताया कि जनपद के सभी 15 विकासखंडों में निर्वाचन प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न करायी गयी। निर्वाचन के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं, जिससे मतदान एवं मतगणना की पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानी ललित मोहन गोदियाल ने बताया कि विकासखंडवार निर्वाचन की स्थिति के अनुसार खिर्सू में 45 ग्राम पंचायतों में 4 पदों पर मतदान तथा 41 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। श्रीनगर में 80 ग्राम पंचायतों में 4 पदों पर मतदान एवं 75 पद निर्विरोध भरे गए। एकेश्वर में 81 ग्राम पंचायतों में 8 पदों पर मतदान तथा 72 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। थलीसैंण में 103 ग्राम पंचायतों में सर्वाधिक 17 पदों पर मतदान और 86 पद निर्विरोध रहे। कल्जीखाल में 86 ग्राम पंचायतों में 5 पदों पर मतदान तथा 80 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। पोखड़ा में 60 ग्राम पंचायतों में 3 पदों पर मतदान एवं 57 पद निर्विरोध भरे गए।
इसी प्रकार यमकेश्वर में 86 ग्राम पंचायतों में 14 पदों पर मतदान तथा 72 पद निर्विरोध रहे। बीरोंखाल में 95 ग्राम पंचायतों में 6 पदों पर मतदान एवं 89 पद निर्विरोध चुने गए। जयहरीखाल में 73 ग्राम पंचायतों में 8 पदों पर मतदान तथा 64 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। नैनीडांडा में 88 ग्राम पंचायतों में 13 पदों पर मतदान एवं 75 पद निर्विरोध रहे। पौड़ी विकासखंड में 62 ग्राम पंचायतों में 9 पदों पर मतदान तथा 53 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। पाबौ में 72 ग्राम पंचायतों में 6 पदों पर मतदान एवं 65 पद निर्विरोध चुने गए। दुगड्डा में 67 ग्राम पंचायतों में 9 पदों पर मतदान तथा 57 पद निर्विरोध रहे। द्वारीखाल में 97 ग्राम पंचायतों में 13 पदों पर मतदान एवं 84 पद निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि कोट विकासखंड में 68 ग्राम पंचायतों में 7 पदों पर मतदान तथा 61 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ।

उन्होंने बताया कि रिखणीखाल विकासखंड की ग्राम पंचायत बुलेखा, एकेश्वर की छामाबाड़ा तथा कल्जीखाल की चिण्डालू ग्राम पंचायत में नामांकन पत्र दाखिल न होने के कारण उप प्रधान पद रिक्त रहे। वहीं जयहरीखाल की कण्डोली, पाबौ की तिमालखाल तथा दुगड्डा की नौगांव तल्ला ग्राम पंचायत में नामांकन पत्र निरस्त होने के कारण निर्वाचन नहीं हो सका। इस प्रकार जनपद में कुल छह उप प्रधान पद रिक्त रह गए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग देने वाले सभी निर्वाचन अधिकारियों, कार्मिकों, जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में सभी की सक्रिय सहभागिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जनपद में उप प्रधान पदों का निर्वाचन पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button