कोटद्वार पौड़ी गढ़वाल

पात्र विद्यार्थियों को समय पर मिले छात्रवृत्ति का लाभ, आधार सीडिंग और एनएसपी आवेदन में तेजी लाने के निर्देश,,,।

[gtranslate]

30 सितंबर तक एनएसपी पोर्टल पर आवेदन करें पात्र छात्र, सभी पात्र विद्यार्थियों के आवेदन सुनिश्चित करने पर जोर


पौड़ी गढवाल / उत्तराखंड *** जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की समीक्षा बैठक शनिवार को विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में आयोजित की गयी। बैठक में छात्रवृत्ति वितरण से संबंधित तकनीकी विषयों एवं वर्ष 2026-27 के लिए नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की समीक्षा की गयी।

बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह दुबड़िया ने बताया कि जनपद के 840 पात्र विद्यार्थियों के बैंक खाते आधार से सीड न होने के कारण उन्हें छात्रवृत्ति की धनराशि प्राप्त नहीं हो सकी। उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है, इसलिए आधार सीडिंग आवश्यक है।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित विद्यार्थियों के बैंक खातों की आधार सीडिंग की प्रक्रिया अगले 15 दिनों में पूर्ण करायी जाए, ताकि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने कहा कि इस कार्य में बैंक एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में यह भी बताया गया कि वर्ष 2026-27 के लिए नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है तथा आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित है।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विकासखंडों में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के सभी पात्र विद्यार्थियों के आवेदन निर्धारित समयावधि में एनएसपी पोर्टल पर भरवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आवेदन के लिए आवश्यक आय एवं जाति प्रमाण पत्र समय रहते तैयार करा लिए जाएं, ताकि किसी भी पात्र विद्यार्थी को असुविधा न हो।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि छात्रवृत्ति योजना विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने की महत्वपूर्ण पहल है। सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि पात्र विद्यार्थियों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।

बैठक में अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल, सहायक लीड बैंक अधिकारी भूपेश नौटियाल तथा समस्त खंड शिक्षा अधिकारी एवं सहायक समाज कल्याण अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button