पौड़ी: छह माह की रियांशी के कटे होंठ की हिमालयन अस्पताल में सफल सर्जरी,,,।

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत नौ बच्चों की निशुल्क सर्जरी
पौड़ी गढवाल/ उत्तराखंड *** राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जनपद पौड़ी में अप्रैल से सितंबर 2026 तक जन्मजात एवं अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रसित नौ बच्चों की निशुल्क सर्जरी करायी गयी। इनमें एक बच्चा लिपोमा, चार बच्चे क्लब फुट, दो बच्चे कान संबंधी बीमारी तथा दो बच्चे कटे होंठ एवं तालू की समस्या से ग्रसित थे।
इसी क्रम में जयहरीखाल विकासखंड के आंगनबाड़ी केंद्र मंथला में पंजीकृत छह माह की रियांशी की 22 सितंबर को हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में निशुल्क सर्जरी करायी गयी। बच्ची जन्म से ही कटे होंठ की समस्या से ग्रसित थी। सफल सर्जरी के बाद बालिका पूरी तरह स्वस्थ है। बच्ची की माता निशा देवी ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम के सदस्य डॉ. भारती राय, फार्मासिस्ट राहुल शर्मा और एएनएम कृष्णा के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जन्म से 18 वर्ष तक की आयु के बच्चों का प्रसव केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा सरकारी विद्यालयों में स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है। जांच के दौरान जन्मजात बीमारियों, हृदय रोग, दृष्टि एवं श्रवण संबंधी समस्याओं, पोषण संबंधी कमियों सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान की जाती है। गंभीर बीमारी या स्वास्थ्य समस्या पाए जाने पर बच्चों को आवश्यकतानुसार उच्च चिकित्सा संस्थानों के लिए रेफर किया जाता है, जहां उपचार, दवाइयों तथा आवश्यकता पड़ने पर निशुल्क सर्जरी की सुविधा उपलब्ध करायी जाती है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत रेफर किए गए बच्चों के आर्थिक रूप से कमजोर अभिभावकों को उपचार के लिए चिकित्सालय आने-जाने हेतु यात्रा सहायता भी प्रदान की जाती है। इसके अंतर्गत अधिकतम पांच बार तक प्रति राउंड चार हजार रुपये की यात्रा सहायता का भुगतान भी किया जाता है।






