पौड़ी गढ़वाल: स्वयं सहायता समूहों को ऋण देने के लिए 16 से 31 अक्टूबर तक लगेंगे शिविर,,,।

बैंक शाखावार आयोजित होंगे ऋण शिविर, लंबित आवेदनों का निस्तारण कर समूहों को उपलब्ध कराई जाएगी सीसीएल सुविधा
पौड़ी गढ़वाल/ उत्तराखंड ***राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों को बैंक से ऋण उपलब्ध कराने और कैश क्रेडिट लिमिट (सीसीएल) की स्वीकृति एवं वितरण में तेजी लाने के लिए जिले के सभी विकासखंडों में बैंक शाखावार ऋण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए 16 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक रोस्टर के अनुसार शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों के माध्यम से बैंकों में लंबित ऋण आवेदनों का निस्तारण कर अधिक से अधिक स्वयं सहायता समूहों को सीसीएल सुविधा से लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शासन से प्राप्त लक्ष्यों के सापेक्ष स्वयं सहायता समूहों को ऋण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित समूहों के सीसीएल स्वीकृत एवं वितरित करने की प्रगति अपेक्षाकृत कम है। ऐसे में निर्धारित समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए बैंक शाखावार शिविर आयोजित कर लंबित आवेदनों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक पौड़ी को निर्देशित किया है कि सभी बैंक नियंत्रकों और संबंधित बैंक शाखाओं को निर्धारित रोस्टर के अनुसार शिविरों का सफल आयोजन करने के लिए निर्देशित करें। साथ ही बैंक शाखाओं में लंबित ऋण आवेदन पत्रों की समीक्षा कर पात्र स्वयं सहायता समूहों के ऋण स्वीकृत करने और ऋण राशि वितरित करने की कार्रवाई प्राथमिकता से की जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि ऋण शिविरों के आयोजन से स्वयं सहायता समूहों को समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे समूहों की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के साधन मजबूत करने में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं बैंक शाखाओं को निर्धारित रोस्टर के अनुसार शिविर आयोजित कर ऋण स्वीकृति और वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।









