पौड़ी गढ़वाल उत्तराखंड

पौड़ी गढ़वाल: बोर्ड परीक्षा-2027 के लिए 126 परीक्षा केंद्र निर्धारित, 11,557 परीक्षार्थी होंगे शामिल,,,।

पौड़ी गढवाल / उत्तराखंड *** हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परिषदीय परीक्षा-2027 के सुचारु संचालन को लेकर जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण, परीक्षार्थियों की सुविधा और केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए कुल 126 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें 125 मिश्रित केंद्र तथा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवीधार में एक एकल केंद्र शामिल है। इन केंद्रों पर संस्थागत एवं व्यक्तिगत श्रेणी के कुल 11,557 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इसके अतिरिक्त, व्यक्तिगत परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए सभी विकासखंडों में कुल 15 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इस वर्ष राजकीय इंटर कॉलेज चमाड़ा को नया परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों का निर्धारण करते समय विद्यार्थियों की सुविधा और जनपद की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखा जाए। जिन विद्यालयों से परीक्षा केंद्र की पैदल दूरी अधिक है, वहां परीक्षार्थियों की सहूलियत के दृष्टिगत निकटवर्ती विद्यालय के प्रधानाचार्य से समन्वय कर स्थिति की समीक्षा की जाए, ताकि परीक्षार्थियों को अनावश्यक परेशानी न हो।

बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद के 33 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की संख्या 60 से कम है अथवा भौगोलिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं। ऐसे केंद्रों को परीक्षा संबंधी मानकों में छूट देते हुए स्व-केंद्र की अनुमति प्रदान की गई है। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेश सयाना को निर्देश दिए कि अन्य विद्यालयों में भी यदि दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों, कठिन पहुंच अथवा कम छात्र संख्या के कारण स्व-केंद्र की आवश्यकता हो, तो औचित्यपूर्ण रिपोर्ट सहित प्रस्ताव तत्काल प्रस्तुत किया जाए।

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी को सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षार्थियों को सुविधा मिले और बोर्ड परीक्षाओं का संचालन सुचारु एवं सुरक्षित ढंग से किया जा सके।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) अंशुल बिष्ट, खंड शिक्षा अधिकारी पौड़ी मास्टर आदर्श, राजकीय इंटर कॉलेज पौड़ी नगर के प्रधानाचार्य वी.पी. डोभाल, राजकीय इंटर कॉलेज कोट के प्रधानाचार्य प्रदीप चंद्र नैथानी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button