ऋषिकेश उत्तराखंड

स्टार्टअप्स और उद्यमियों को मिलेगा निवेशकों के समक्ष अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने का अवसर, फंडिंग की भी संभावना,,,।

स्वर्गाश्रम जोंक में 21 नवंबर से तीन दिवसीय इंडस्ट्री वेलनेस एक्सपो एवं देवभूमि पिचाथॉन-2026

आयुष, वेलनेस, मेडिकल टूरिज्म और स्थानीय उत्पादों को मिलेगा प्रोत्साहन

ऋषिकेश / उत्तराखंड *** उत्तराखण्ड में उद्यमिता, नवाचार और स्थानीय उत्पादों को नए बाजार से जोड़ने की दिशा में जिला उद्योग केन्द्र, कोटद्वार की ओर से 21 से 23 नवंबर तक स्वर्गाश्रम स्थित परमार्थ निकेतन घाट हॉल, यमकेश्वर में तीन दिवसीय ‘इंडस्ट्री वेलनेस एक्सपो’ एवं ‘देवभूमि पिचाथॉन-2026’ का आयोजन किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्टार्टअप इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत-2047 के विजन के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के उद्यमियों, स्टार्टअप्स, निवेशकों और उद्योग विशेषज्ञों को एक साझा मंच मिलेगा।

आयोजन के माध्यम से उत्तराखण्ड के आयुष एवं वेलनेस उद्योगों के उत्पादों और सेवाओं को व्यापक पहचान दिलाने के साथ ही वेलनेस एवं मेडिकल टूरिज्म, समग्र स्वास्थ्य, पारंपरिक भारतीय चिकित्सा पद्धतियों और स्थानीय हस्तशिल्प उत्पादों को प्रोत्साहित किया जाएगा। देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के बीच प्रदेश के इन उत्पादों और सेवाओं के प्रचार-प्रसार पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘देवभूमि पिचाथॉन-2026’ रहेगा। इसके तहत स्टार्टअप्स और उद्यमियों को अपने नवाचार, उत्पाद और व्यावसायिक परियोजनाएं उद्योग विशेषज्ञों एवं संभावित वेंचर कैपिटल निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। चयनित उत्कृष्ट परियोजनाओं को निवेश के माध्यम से वित्तीय सहयोग मिलने की संभावना रहेगी। इसके लिए एसआरआई फंड, नई दिल्ली सहित विभिन्न प्रमुख संस्थागत वित्तीय संस्थाओं को भी आमंत्रित किया गया है।

एक्सपो में आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा, वेलनेस और मेडिकल टूरिज्म, समग्र स्वास्थ्य केंद्र, न्यूट्रास्यूटिकल्स, हर्बल एवं ऑर्गेनिक उत्पाद, हेल्थटेक, टेलीमेडिसिन, डिजिटल हेल्थकेयर, फिटनेस एवं निवारक स्वास्थ्य सेवाएं, मेडिकल डिवाइस, पारंपरिक हस्तशिल्प, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) तथा अन्य औद्योगिक क्षेत्रों पर विशेष फोकस रहेगा।

इस आयोजन में उत्तराखण्ड में अपना उद्योग स्थापित करने, मौजूदा इकाई का विस्तार करने अथवा व्यवसाय में विविधीकरण करने के इच्छुक उद्यमी प्रतिभाग कर सकते हैं। इसके अलावा बाजार के लिए तैयार उत्पादों और व्यवहार्य परियोजना प्रस्तावों वाले शुरुआती एवं ग्रोथ स्टेज के स्टार्टअप्स भी आवेदन कर सकेंगे।

प्रतिभागियों को निवेशकों के समक्ष सीधे अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने, संभावित फंडिंग प्राप्त करने, उद्योग विशेषज्ञों एवं अन्य उद्यमियों से संपर्क स्थापित करने और व्यावसायिक साझेदारी विकसित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही चयनित परियोजनाओं को जिला उद्योग केन्द्र के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर विभागीय सहयोग उपलब्ध कराने के साथ ही राज्य सरकार की विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं, सब्सिडी और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस से संबंधित जानकारी भी दी जाएगी।

जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक सोमनाथ गर्ग ने इच्छुक उद्यमियों एवं स्टार्टअप्स से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए इच्छुक आवेदक www.udyamgrowth.com पर ऑनलाइन आवेदन एवं पंजीकरण कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button