पौड़ी मुख्यालय में जय कंडोलिया पौड़ी महोत्सव का आज शुभारंभ हो गया,,,।


पौड़ी गढवाल/उत्तराखंड*** पौड़ी मुख्यालय में जय कंडोलिया पौड़ी महोत्सव का आज शुभारंभ हो गया है। शुभारंभ अवसर पर रामलीला मैदान में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से जनता को संबोधन किया। उन्होंने 31 मई से 08 मई तक चलने वाले जय कंडोलिया महोत्सव की सभी को शुभकामनाएं दी। सरकारी दायित्वों के कारण पौड़ी में उपस्थित न हो पाने पर उन्होंने खेद व्यक्त किया और कहा कि मेरा मन और भावनाएं पूर्ण रूप से आप सभी के साथ जुड़ी हुई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस महोत्सव द्वारा राज्य सरकार की विभिन्न विभागों के विकास कार्यों को प्रदर्शनी के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। महोत्सव के माध्यम से उत्तराखंड की सांस्कृतिक, धार्मिक, साहित्यिक धरोहरों के संरक्षण के साथ-साथ नये कलाकारों को भी मंच उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव न केवल हमारी समृद्ध, सांस्कृतिक वैभव का प्रतीक है, बल्कि पौड़ी को पर्यटन वैश्विक मानचित्र पर पुनःस्थापित करने की एक महत्वपूर्ण पहल है।
महोत्सव में मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने प्रतिभाग किया और बस स्टेशन पर विभिन्न विद्यालयों की झाॅंकियों को सलामी दी। इस दौरान गढ़वाल राईफल्स आर्मी बैंड और स्कूली बच्चों ने शानदार झांकियों का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि यह मेला पूरा पौड़ी वासियों का है। कहा कि महोत्सव के साथ-साथ कंडोलिया भंडारे का आयोजन भी किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के सहयोग से विभिन्न विभागों द्वारा रामलीला मैदान में स्टॉल लगाये गये हैं और लोग स्टाॅलों में जाकर अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ लें। इस दौरान उन्होंने स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।
नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने कहा कि जय कंडोलिया पौड़ी महोत्सव आज से शुरू हो गया है और यह महोत्सव 08 जून तक चलेगा। जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन, खेल प्रतियोगिताएं, कंडोलिया भंडारे का आयोजन सहित अन्य गतिविधियां शामिल हैं।
महोत्सव में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, सैनिक कल्याण अधिकारी करन सिंह रावत, तहसीलदार दीवान सिंह राणा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केशर सिंह नेगी, ब्लॉक प्रशासक पौड़ी दीपक खुगशाल, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष जसपाल सिंह रावत सहित केशर सिंह असवाल, प्रदीप रावत, योगम्बर नेगी, बीरेंद्र खंकरियाल सहित अन्य अधिकारी व स्थानीय लोग उपस्थित थे। मंच का संचालन गणेश खुगशाल गणी ने किया।