विकसित कृषि संकल्प अभियान” का सफल आयोजन – किसानों को मिली नई तकनीकों की जानकारी,,,।

कोटद्वार/पौड़ी गढ़वाल*** कृषि क्षेत्र को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आज “विकसित कृषि संकल्प अभियान” का आयोजन न्याय पंचायत नीलकंठ, विकास खण्ड सभागार कोठार, विकासखंड यमकेश्वर में किया गया।
इस अभियान का आयोजन कृषि विभाग के तत्वावधान में किया गया, जिसमें कृषि, पशुपालन, उद्यान एवं मत्स्य विभाग सहित केवीके भरसार एवं भरसार विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान उपस्थित हुए। वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों द्वारा किसानों की कृषि, पशुपालन, बागवानी एवं मत्स्य पालन से जुड़ी समस्याओं को मौके पर सुना गया तथा समाधान भी प्रदान किए गए। किसानों को नई कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों, जैविक खेती, पशुधन प्रबंधन, रोग नियंत्रण, तथा बाजार उपलब्धता जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी भी दी गई तथा उन्हें इन योजनाओं से अधिकाधिक लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया गया। वैज्ञानिकों ने उन्नत कृषि पद्धतियों के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने व आय में वृद्धि करने पर बल दिया। किसानों के सुझावों को भी गंभीरता से सुना गया तथा भविष्य की रणनीतियों में सम्मिलित करने हेतु संकलित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने किसानों से निरंतर संवाद बनाए रखने की अपील की और बताया कि इस प्रकार के जागरूकता अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे, जिससे ग्रामीण अंचलों में सतत कृषि विकास को बढ़ावा मिल सके।