कोटद्वार पौड़ी गढ़वाल

कोटद्वार: नगर निगम क्षेत्र में आधुनिक वाटर ड्रेनेज सिस्टम निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल,,,।

[gtranslate]

कोटद्वार/पौड़ी गढ़वाल*** कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में बरसात के मौसम के दौरान जलभराव की समस्या से स्थायी समाधान हेतु एक सुव्यवस्थित और आधुनिक वाटर ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य वर्षा जल की त्वरित एवं सुचारु निकासी सुनिश्चित करना है, जिससे नागरिकों को जलभराव, यातायात बाधा तथा स्वच्छता संबंधी समस्याओं से राहत मिल सके।

इस परियोजना के अंतर्गत सर्वप्रथम डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी। डीपीआर निर्माण की प्रक्रिया में जल निकासी से प्रभावित वार्डों के माननीय पार्षदों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। पार्षद अपने-अपने वार्डों में उन स्थानों की पहचान करेंगे, जहां जल निकासी की अत्यधिक आवश्यकता है, तथा यह भी प्रस्तावित किया जाएगा कि पानी की निकासी किस स्थान से किस दिशा में की जानी चाहिए।

इसके पश्चात नगर निगम द्वारा चयनित संबंधित कंसलटेंसी एजेंसी मौके पर जाकर विस्तृत स्थल निरीक्षण (Site Inspection) करेगी। निरीक्षण के आधार पर क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, मौजूदा नालियों, जल प्रवाह की दिशा, जनसंख्या घनत्व एवं भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एक व्यवहारिक, तकनीकी रूप से मजबूत और दीर्घकालिक ड्रेनेज सिस्टम का प्लान तैयार किया जाएगा।

इस अवसर पर नगर निगम के महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत एवं सभी सम्मानित पार्षदों द्वारा इस महत्वपूर्ण परियोजना को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल किए जाने हेतु मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया गया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के नेतृत्व एवं सहयोग से कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर कार्य हो रहे हैं।

नगर निगम का संकल्प है कि यह ड्रेनेज सिस्टम न केवल वर्तमान जलभराव की समस्या का समाधान करेगा, बल्कि भविष्य में शहर के विकास और बढ़ती आबादी की आवश्यकताओं को भी ध्यान में रखते हुए एक स्थायी व्यवस्था के रूप में कार्य करेगा। यह परियोजना कोटद्वार शहर को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।

बैठक में नगर आयुक्त पी.एल. शाह, सह नगर आयुक्त चंद्रशेखर शर्मा, सह नगर आयुक्त अजय एस्टवाल, मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील चौधरी, अधिशाषी अभियंता सिंचाई विभाग जावेद अंसारी, सफाई निरीक्षक परमित चौधरी सहित पार्षदगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button