पौड़ी गढ़वाल उत्तराखंड

अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा एवं प्रभावी पुलिसिंग को लेकर एसएसपी पौड़ी द्वारा पुलिस लाइन पौड़ी में ली माह अप्रैल की मासिक अपराध गोष्ठी,,,।

[gtranslate]

पौड़ी गढ़वाल / उत्तराखंड *** वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा आज दिनांक 22.05.2026 को पुलिस लाइन पौड़ी में माह अप्रैल की मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में दूरस्थ क्षेत्रों के थाना प्रभारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से जोड़ा गया, जबकि निकटवर्ती थानों के प्रभारी भौतिक रूप से उपस्थित रहे। गोष्ठी में जनपद की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, सार्वजनिक सुरक्षा एवं पुलिसिंग की गुणवत्ता से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर गहन समीक्षा की गई। ऑनलाइन आयोजित बैठक के दौरान जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।
गोष्ठी के दौरान लंबित विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण, महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशील कार्रवाई, साइबर अपराधों की रोकथाम, न्यायालयीय वारंटों की प्रभावी तामिली एवं सक्रिय अपराधियों पर सतत निगरानी बनाए रखने हेतु निर्देशित किया गया। चारधाम यात्रा एवं वर्तमान फायर सीजन के दृष्टिगत यातायात प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन प्रतिक्रिया एवं पुलिस-फायर-प्रशासन की टीमों के मध्य बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त नशा उन्मूलन अभियान को केवल कार्रवाई तक सीमित न रखते हुए सप्लाई नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार करने, ड्रग्स हॉटस्पॉट्स पर नियमित चेकिंग एवं सघन गश्त बढ़ाने तथा जनजागरूकता अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया गया।

नशामुक्त जनपद के लिए बहुआयामी एवं लक्ष्य आधारित कार्ययोजना
नशामुक्त अभियान को केवल गिरफ्तारी या औपचारिक कार्रवाई तक सीमित न रखते हुए इसे सतत, संगठित एवं परिणामोन्मुख अभियान के रूप में संचालित किया जाए। कार्यवाही के दौरान नशे के कारोबार से जुड़े सम्पूर्ण नेटवर्क पर फोकस करते हुए स्रोत, सप्लाई चैन, परिवहन माध्यम, आर्थिक सहयोगियों एवं स्थानीय संरक्षण देने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों एवं चिन्हित ड्रग्स हॉटस्पॉट्स पर विशेष निगरानी रखते हुए नियमित चेकिंग अभियान, सघन पेट्रोलिंग एवं आकस्मिक निरीक्षण किए जाएं, ताकि नशा तस्करों में प्रभावी डर एवं नियंत्रण बना रहे।

चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित बनाने हेतु दिशा-निर्देश
चारधाम यात्रा मे श्रध्दालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है जिसके दृष्टिगत जनपद में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को समन्वित एवं प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य करने हेतु निर्देशित किया गया। यात्रा मार्गों पर भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था एवं आपातकालीन रिस्पांस सिस्टम को और अधिक मजबूत एवं व्यवस्थित बनाए जाने पर विशेष बल दिया गया। सभी संवेदनशील स्थलों, प्रमुख पड़ावों एवं अधिक भीड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करते हुए सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन एवं अन्य आधुनिक तकनीकी संसाधनों के माध्यम से सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही यात्रा मार्गों पर रूट डायवर्जन, ट्रैफिक होल्डिंग पॉइंट एवं पार्किंग स्थलों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित कर जाम एवं अव्यवस्था की स्थिति को न्यूनतम रखने हेतु निर्देशित किया गया।

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर SSP पौड़ी की विशेष समीक्षा
मासिक अपराध गोष्ठी के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी द्वारा विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करते हुए पोर्टलों पर नियमित रूप से अद्यतन जानकारी अपलोड की जाए। विशेष रूप से सीएम हेल्पलाइन पोर्टल की समीक्षा के दौरान बताया गया कि माह अप्रैल में कुल 78 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 62 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 16 शिकायतें माह के अंत तक लंबित रहीं। इसके अतिरिक्त वर्ष 2026 में अब तक सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर कुल 338 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 272 शिकायतों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 66 शिकायतें वर्तमान में लंबित हैं। शिकायतों के शीघ्र, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को और अधिक तेज, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने पर बल दिया गया।

सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावी यातायात प्रबंधन हेतु निर्देश
सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाने एवं आमजन की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने हेतु सभी थाना प्रभारियों एवं यातायात प्रभारियों को सड़क सुरक्षा हेतु लगातार सघन चेकिंग अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सक्रिय पुलिस उपस्थिति बढ़ाने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई करने तथा ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने, स्टंटबाजी, रॉन्ग साइड ड्राइविंग एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध निरंतर चेकिंग अभियान चलाने हेतु निर्देशित किया गया।

जनजागरूकता अभियानों को जनसहभागिता से जोड़ते हुए करें प्रभावी संचालन।
जनपद में नशा उन्मूलन, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण, यातायात नियमों एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित विषयों पर निरंतर एवं व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किए जाएं। विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम सभाओं, बाजार क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम, संवाद गोष्ठियां एवं प्रचार अभियान आयोजित कर आमजन, युवाओं, महिलाओं एवं बच्चों को जागरूक किया जाए। विभिन्न प्रचार माध्यमों का प्रभावी उपयोग करते हुए साइबर फ्रॉड से बचाव, महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम, नशे के दुष्परिणाम तथा आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए, जिससे समाज में सुरक्षा, सतर्कता एवं जागरूकता का सकारात्मक वातावरण विकसित हो सके।

फायर सीजन के दृष्टिगत अग्नि सुरक्षा एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश
वर्तमान फायर सीजन एवं बढ़ती आगजनी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी पौड़ी द्वारा सभी थाना प्रभारियों एवं फायर यूनिटों को संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क निगरानी, त्वरित प्रतिक्रिया एवं प्रभावी समन्वय के साथ कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही फायर उपकरणों को पूर्ण रूप से क्रियाशील रखने तथा किसी भी आगजनी की सूचना पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य करने के निर्देश दिए गए, ताकि जनहानि एवं संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम रखा जा सके।

अप्रैल माह में जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 20 पुलिस कार्मिकों (उ0नि0 राजाराम डोभाल, उ0नि0 दिनेश चमोली, उ0नि0 वेद प्रकाश, म0उ0नि दीपिका बिष्ट, उ0नि0 मुकेश गैरोला, अ0उ0नि0 शशिभूषण, अ0उ0नि0 विजय नौटियाल, अ0उ0नि0 एहशान अली, मुख्य आरक्षी अनुज कुमार, मुख्य आरक्षी उत्तम सिंह, मुख्य आरक्षी प्रवेश कुमार, मुख्य आरक्षी नरेन्द्र कोटियाल, आरक्षी सुरेन्द्र कुमार, आरक्षी राजेश स्वामी, आरक्षी आदित्य कुमार, आरक्षी चन्द्रपाल, आरक्षी दीपक कुमार, आरक्षी अभिषेक, महिला आरक्षी चन्दा, होमगार्ड कुलदीप) को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उक्त गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज ठाकुर, अपर पुलिस अधीक्षक संचार अनूप काला, अभियोजन अधिकारी राजीव डोभाल, क्षेत्राधिकारी कोटद्वार निहारिका सेमवाल, क्षेत्राधिकारी सदर पौड़ी तुषार बोरा, पुलिस उपाधीक्षक अस्मिता मंमगाई, सीएफओ राजेंद्र खाती सहित समस्त निकटवर्ती थाना प्रभारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button