नैनीताल उत्तराखंड

नवविवाहित की संदिग्ध मौत, दो माह पहले हुई थी शादी, पिता ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी,,,।

रूद्रपुर / उत्तराखंड *** रुद्रपुर के रम्पुरा क्षेत्र में 24 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। विवाहिता का शव घर के अंदर दुपट्टे के फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया। वहीं, मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए बेटी की हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, सुमन की शादी करीब दो माह पहले राकेश कोली के साथ हुई थी। शुक्रवार रात उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार सुबह मायके पक्ष को घटना की जानकारी मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। इसके बाद परिजन रुद्रपुर पहुंचे और मामले में न्याय की मांग की।

पिता का आरोप- दहेज के लिए बेटी को किया जा रहा था परेशान
मृतका के पिता मदन लाल ने आरोप लगाया कि उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह ससुराल पक्ष की कथित दहेज संबंधी मांगों को पूरा नहीं कर पा रहे थे। उनका कहना है कि इसी वजह से उनकी बेटी को परेशान किया जाता था। पिता ने बेटी की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

हालांकि, दहेज प्रताड़ना और हत्या की आशंका से जुड़े आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलने पर एसएसआई महेश कांडपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की। वहीं, तहसीलदार दिनेश कुटोला ने मोर्चरी पहुंचकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की।

सीओ विभव सैनी के मुताबिक, पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल विवाहिता की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button