देहरादून

पार्किंग विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग, चार राउंड गोलियां चलाकर फैलाई दहशत, आरोपी गिरफ्तार,,।

देहरादून / उत्तराखंड *** वाहन पार्किंग को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। रायवाला थाना क्षेत्र के हरिपुर कला में एक युवक ने कथित तौर पर रिवॉल्वर से ताबड़तोड़ चार राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ और मौके पर मौजूद भाई-बहन बाल-बाल बच गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवॉल्वर और चार खोखे बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना बीती रात करीब 10 बजे हरिपुर कला स्थित इंटर कॉलेज रोड की है। शिवम लिंगवाल पुत्र नंदलाल ने रायवाला कोतवाली में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि धर्मपाल उर्फ मुन्ना उनके घर के सामने पहुंचा और वहां खड़ी मोटरसाइकिल तथा पड़ोसी की कार को लात मारने लगा। इसके बाद वह वाहन हटाने को लेकर गाली-गलौज करने लगा। शिकायतकर्ता और उनके परिजनों ने जब उसके इस व्यवहार का विरोध किया तो आरोपी कथित तौर पर आपा खो बैठा और रिवॉल्वर निकालकर वहां मौजूद लोगों की ओर फायरिंग शुरू कर दी। आरोप है कि धर्मपाल ने एक के बाद एक चार गोलियां चलाईं। इस दौरान एक गोली कार में जा लगी, जबकि मौके पर मौजूद भाई-बहन ने किसी तरह अपनी जान बचाई। गोलियों की आवाज से आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई और लोग घबराकर अपने घरों में चले गए। कुछ स्थानीय लोगों ने पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में भी रिकॉर्ड कर लिया। सूचना मिलने पर रायवाला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। घटना के बाद पीड़ित पक्ष आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर देर रात तक कोतवाली में मौजूद रहा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। इसके बाद पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए धर्मपाल उर्फ मुन्ना (45) पुत्र प्रेम सिंह, निवासी इंटर कॉलेज रोड, हरिपुर कला को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी रिवॉल्वर और चार खोखे बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button