देहरादून

करोड़ों की जमीन धोखाधड़ी में फरार दो भूमाफिया गिरफ्तार,असली भूमि स्वामी की जगह खड़ा किया फर्जी व्यक्ति,,,।

देहरादून / उत्तराखंड *** जमीन की खरीद-फरोख्त के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को राजपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने कथित तौर पर असली भूमि स्वामी के स्थान पर फर्जी व्यक्ति को खड़ा कर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर जमीन की रजिस्ट्री कराई थी। इस मामले में पीड़ित से करोड़ों रुपये की रकम हड़पने और रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
पुलिस के अनुसार, बीती 14 सितंबर को सहस्रधारा रोड निवासी करन शर्मा ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि संजय त्यागी और उसके साथियों ने उन्हें जमीन बेचने का झांसा देकर धोखाधड़ी की। आरोपियों ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और रजिस्ट्री के दौरान असली भूमि स्वामी की जगह दूसरे व्यक्ति को खड़ा कर दिया। इसके बाद उनकी पत्नी के नाम जमीन की रजिस्ट्री कराकर भूमि विक्रय के नाम पर करोड़ों रुपये प्राप्त कर लिए। पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने आरोपियों से अपनी रकम वापस मांगी तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की और नामजद आरोपियों की तलाश में जुट गई। पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और मैन्युअल पुलिसिंग की मदद से जानकारी जुटाई। इसी क्रम में बीती रात पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी संजय त्यागी और उसके साथी परविंदर कुमार को आईटी पार्क के पिछले गेट, धोरण रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button