पौड़ी गढ़वाल उत्तराखंड

पौड़ी जनपद के दुगड्डा ब्लॉक का मुरान्यू गांव आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा,,,।

[gtranslate]

सारकोट से मुरान्यू तक: आदर्श ग्राम की नई पहलसीडीओ ने मुरान्यू गांव को आदर्श ग्राम बनाने का खाका खींचा

दुगड्डा/पौड़ी गढ़वाल*** चमोली के सारकोट की तर्ज पर अब पौड़ी जनपद के दुगड्डा ब्लॉक का मुरान्यू गांव आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। इस दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवन्त ने ग्रामवासियों व अधिकारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट किया कि विकास कार्य केवल कागज़ों पर नहीं, बल्कि धरातल पर नज़र आने चाहिए।

सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सबसे पहले बेसलाइन सर्वे किया जाए, ताकि ग्रामवासियों की वास्तविक जरूरतें और प्राथमिकताएं चिन्हित हो सकें। उन्होंने बीडीओ को विभागीय समन्वय के साथ क्लस्टर आधारित व एकीकृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

बैठक में महिला स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया। निर्णय लिया गया कि गांव में कॉमन वर्क शेड और मशरूम यूनिट स्थापित की जाएगी तथा समूहों को इसका प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही गांव के पंचायती भवन पर बड़े सोलर पैनल लगाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि ऊर्जा आत्मनिर्भरता सुनिश्चित हो सके।

सीडीओ ने विभागों को भी विशेष दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कृषि विभाग को गांव में घेरबाड़ कार्य को बढ़ाने, उद्यान विभाग को क्लस्टर स्तर पर पाली हाउस स्थापित करने और पशुपालन विभाग को कुक्कुट व गौपालन इकाइयां विकसित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार सिंचाई विभाग को खेतों की सिंचाई व्यवस्था सुदृढ़ करने और ऊरेडा को नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के साथ सौर ऊर्जा समाधान उपलब्ध कराने पर बल दिया गया। साथ ही मनरेगा के अंतर्गत श्रम आधारित कार्यों को प्राथमिकता देने, रीप के माध्यम से ग्रामीण अवसंरचना एवं रोजगार सृजन को गति देने और एनआरएलएम के जरिए महिला समूहों की आजीविका संवर्धन गतिविधियों को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि चयनित गांवों को आदर्श ग्राम बनाकर वहां आजीविका संवर्धन, ऊर्जा समाधान, आधुनिक कृषि, महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक विकास को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि मुरान्यू गांव भी चमोली के सारकोट की तरह ग्रामीण विकास की नई मिसाल बनेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button