उत्तराखंड तीन-चार दिन में पहुंच जाएगा मानसून, प्रदेशभर में जारी रहेंगी प्री मानसून गतिविधियां,,,।

देहरादून / उत्तराखंड *** उत्तराखंड में मानसून के आने का इंतजार खत्म होने वाला है। प्रदेशभर में अगले तीन से चार दिन में दक्षिण-पश्चिम मानसून पहुंच सकता है। इस बीच प्रदेश में प्री मानसून गतिविधियां जारी रहेंगी।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में मॉनसून के गुजरात, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के शेष हिस्सों के साथ यूपी और उत्तराखंड के कुछ और क्षेत्रों में आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल हैं। आईएमडी के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में 30 जून से एक जुलाई के बीच, हिमाचल प्रदेश में 30 जून से एक जुलाई और उत्तराखंड में 29 जून से एक जुलाई तक व्यापक वर्षा की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले कई दिनों तक रुक-रुक कर बारिश, गरज-चमक और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 29 जून से एक जुलाई के बीच उत्तराखंड में भारी बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है।




