पौड़ी गढ़वाल उत्तराखंड

पौड़ी: कारागार परिसर में गूंजे भजन-कीर्तन, बंदियों के साथ स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी लिया भाग,,,।

[gtranslate]

जिला कारागार पौड़ी में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनायी गयी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

पौड़ी गढ़वाल / उत्तराखंड *** जिला कारागार पौड़ी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कारागार परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और भजन संध्या का आयोजन किया गया।

जन्माष्टमी के अवसर पर कारागार परिसर में दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहा। स्थानीय महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के भजन और भक्ति गीत प्रस्तुत किए, वहीं बंदियों ने भी पूजा-अर्चना एवं भजन-कीर्तन में सहभागिता की। सामूहिक भजन-कीर्तन से पूरा परिसर श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर नजर आया।

कारागार अधीक्षक कौशल कुमार ने बताया कि जिला कारागार में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का आयोजन पिछले करीब 30 वर्षों से निरंतर किया जा रहा है। वर्षों से चली आ रही इस परंपरा में स्थानीय लोगों की सहभागिता भी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि कारागार परिसर में आयोजित होने वाला यह धार्मिक कार्यक्रम अब आस्था के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता का भी माध्यम बन गया है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बंदियों को सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से बंदियों में सकारात्मक सोच, आत्मिक शांति और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की भावना को प्रोत्साहन मिलता है।

कार्यक्रम में शामिल श्रद्धालुओं ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्म कारागार में हुआ था, इसलिए कारागार परिसर में जन्माष्टमी का आयोजन विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व रखता है। वर्षों से यहां आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम में स्थानीय लोगों की सहभागिता इसे और अधिक आत्मीय एवं विशेष बनाती है।

कार्यक्रम में कारागार के कर्मचारी, निरुद्ध बंदियों के साथ आसपास के क्षेत्र से पहुंचे स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button