पौड़ी गढ़वाल उत्तराखंड

पौड़ी गढवाल: सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद के 1853 आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित होगा “आंगन का मिलन” कार्यक्रम,,,।

[gtranslate]

मंत्री रेखा आर्य ने अधिकारियों को सफल आयोजन के लिए दिए निर्देश

पौड़ी गढ़वाल / उत्तराखंड *** कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य की अध्यक्षता में सोमवार को श्रीनगर स्थित वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली मेडिकल कॉलेज श्रीकोट के मुख्य कॉन्फ्रेंस हॉल में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले “आंगन का मिलन” कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक में कैबिनेट मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ‘‘आंगन का मिलन’’ कार्यक्रम के अंतर्गत अभिभावकों एवं ग्रामीण समुदाय की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, गोद भराई, जन्मोत्सव तथा अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंच सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रमों के दौरान लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की जाए तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा न आने दी जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गतिविधि में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

कैबिनेट मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों में खेलकूद, कला, सांस्कृतिक एवं अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं के आयोजन पर विशेष बल देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ समुदाय को भी केंद्रों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।

कैबिनेट मंत्री ने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं आशा कार्यकत्रियों को सम्मानित किया जाए। साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, बाल संरक्षण तथा बाल विकास से संबंधित जागरूकता गतिविधियों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रमों का सफल एवं परिणामपरक आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि अभियान का मूल उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है, जिसके लिए सभी संबंधित विभाग पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्षा रचना बुटोला, नगर पालिका अध्यक्षा पौड़ी हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख पौड़ी अस्मिता नेगी, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, जिला विकास अधिकारी रमेश चन्द, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, जिला पंचायतीराज अधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button