उत्तरकाशी उत्तराखंड

मोरी के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड, 30 से अधिक परिवार प्रभावित,देखते ही देखते आग ने लिया विकराल रूप, दर्जनों मकान जलकर राख घरों में रखा सामान, नकदी और खाद्यान्न नष्ट, लाखों के नुकसान की आशंका,,,।

उत्तरकाशी / उत्तराखंड *** सीमांत तहसील मोरी के दूरस्थ पवाणी गांव में मंगलवार देर शाम भीषण अग्निकांड से हड़कंप मच गया। एक आवासीय भवन से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के दर्जनों मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें उठती देख गांव में चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस अग्निकांड में 30 से अधिक परिवार प्रभावित हुए हैं। कई मकान जलकर क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार 24 नवंबर को शाम करीब 4ः49 बजे ग्राम पवाणी में एक आवासीय भवन में आग लगने की सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र उत्तरकाशी को मिली। ग्रामीण आग पर काबू पाने का प्रयास करते, इससे पहले ही लपटों ने आसपास के भवनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। घरों में रखा खाद्यान्न, बर्तन, कपड़े, गैस सिलेंडर, नकदी और अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट होने की सूचना है। इस घटना से प्रभावित परिवारों के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।
दुर्गम रास्ते के कारण राहत टीमों को पहुंचने में देरी
घटनास्थल की दुर्गम भौगोलिक स्थिति राहत एवं बचाव कार्यों में बड़ी चुनौती बन गई है। मोरी तहसील से पवाणी गांव की दूरी करीब 55 से 60 किलोमीटर है। सड़क मार्ग समाप्त होने के बाद घटनास्थल तक पहुंचने के लिए लगभग 300 से 400 मीटर पैदल चलना पड़ता है। इसके चलते राहत टीमों को मौके तक पहुंचने में दो घंटे से अधिक का समय लगने की संभावना जताई गई। गांव में मोबाइल नेटवर्क और संचार सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने से घटनास्थल की वास्तविक स्थिति की जानकारी जुटाने में भी परेशानी सामने आई।
डीएम ने तत्काल रवाना की राहत टीमें
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने तत्काल राहत एवं बचाव दलों को रवाना किया। प्रशासन की ओर से एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, पशु चिकित्सा और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए भेजी गईं। वहीं, शुरुआती दौर में स्थानीय ग्रामीण अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयासों में जुटे रहे।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य स्वयं जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र में मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करते रहे। आपदा प्रबंधन अधिकारी भी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों के लिए खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुओं की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। राजस्व विभाग की टीम को नुकसान का आकलन करने और प्रभावित परिवारों का ब्योरा जुटाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। तहसीलदार मोरी सरदार सिंह चौहान ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व, अग्निशमन और एसडीआरएफ की टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया। दुर्गम रास्ते और लंबी दूरी के कारण राहत दलों को मौके तक पहुंचने में समय लग रहा है।
कई परिवारों के सिर से छिनी छत
भीषण अग्निकांड ने पवाणी गांव के कई परिवारों के आशियाने उजाड़ दिए हैं। वर्षों की मेहनत से तैयार मकान और घरों में संजोकर रखा सामान आग की भेंट चढ़ने से ग्रामीणों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। प्रारंभिक सूचना के अनुसार अभी तक किसी जनहानि या पशुहानि की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि प्रभावित परिवारों की वास्तविक संख्या और नुकसान का पूरा आकलन राहत टीमों के मौके पर पहुंचने तथा विस्तृत सर्वेक्षण के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में दमकल और राहत संसाधनों की सीमित उपलब्धता के बीच हुए इस अग्निकांड ने एक बार फिर दूरस्थ गांवों में आपदा प्रबंधन और अग्निशमन व्यवस्था की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता आग पर पूरी तरह काबू पाने, प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और उन्हें तत्काल राहत उपलब्ध कराने की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button