पुलिस भर्ती लिखित परीक्षा हेतु सुरक्षा व्यस्था के पुख्ता इंतज़ाम करने के साथ ही रखी जा रही कड़ी निगरानी,,,।

पौड़ी गढ़वाल/उत्तराखंड*** दिनांक 03.08.2025 को आयोजित उत्तराखण्ड पुलिस भर्ती लिखित परीक्षा के दृष्टिगत जनपद पौड़ी में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस प्रशासन पूर्ण रूप से सतर्क और सजग है। पुलिस भर्ती लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह के निर्देशन में व्यापक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं लिखित परीक्षा की निगरानी हेतु जनपद में नियुक्त नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक संचार अनुप काला द्वारा स्वयं श्रीनगर क्षेत्र में नामित विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का पुलिस टीम के साथ स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान परीक्षा केन्द्रों की सुरक्षा व्यवस्था, गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों की स्थिति, प्रवेश प्रक्रिया एवं भीड़ नियंत्रण आदि बिंदुओं का सूक्ष्म अवलोकन किया गया।
लिखित परीक्षा की निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण सम्पन्नता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परीक्षा ड्यूटी में नियुक्त पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। परीक्षा केन्द्रों पर अराजक या शरारती तत्वों पर विशेष निगरानी रखने तथा केन्द्रों के बाहर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस बल को सतर्क रहने को कहा गया।
साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि परीक्षा सम्पन्न होने के उपरांत, परीक्षा केन्द्रों की समस्त औपचारिक कार्यवाही पूर्ण होने तक कोई भी पुलिसकर्मी ड्यूटी स्थल नहीं छोड़ेगा। पौड़ी पुलिस द्वारा पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित रूप से संपन्न कराने हेतु हर स्तर पर पूर्ण सतर्कता बरती जा रही है।
नोटः- सावधान रहें, सतर्क रहें।
सभी अभ्यर्थियों से अपील है कि परीक्षा में केवल अपनी मेहनत और योग्यता के बल पर सफल होने का प्रयास करें। यदि कोई व्यक्ति आपसे परीक्षा में पास कराने, प्रश्नपत्र लीक कराने या किसी अन्य प्रकार की सहायता के नाम पर पैसे मांगता है या किसी भी प्रकार का लालच देता है, तो कृपया तत्काल सतर्क हो जाएं ऐसे लोगों की सूचना तुरंत पुलिस को दें या 112 पर कॉल करें।




