कोटद्वार पौड़ी गढ़वाल

उपभोक्ताओं को समय पर और सही मात्रा में गैस उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है: जिला पौड़ी पूर्ति अधिकारी

[gtranslate]

25 प्रतिष्ठानों का किया गया निरीक्षण, सभी जगह व्यवस्थाएं पायी गईं दुरुस्त

कोटद्वार/पौड़ी गढ़वाल*** जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के लिए खाद्य विभाग निरंतर छापेमारी अभियान चला रहा है। पूर्ति विभाग की टीमों ने जिलेभर में विभिन्न गैस गोदामों, पेट्रोल पंप और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की।

अभियान के तहत कुल 25 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें 6 गैस गोदाम, 1 पेट्रोल पंप और 18 व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल रहे। टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर एलपीजी वितरण, स्टॉक रजिस्टर और उपभोक्ताओं को दी जा रही सेवाओं की बारीकी से पड़ताल की। कोटद्वार क्षेत्र में 2 गैस गोदामों और 8 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई। वहीं पौड़ी में 2 गैस गोदामों का निरीक्षण किया गया। श्रीनगर और थलीसैंण में एक-एक गैस गोदाम का जायज़ा लिया गया। इसके अलावा नौगांवखाल में एक पेट्रोल पंप सहित 8 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच कर व्यवस्थाओं को परखा गया। सभी स्थानों पर गैस गोदामों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में निर्धारित मानकों और नियमों का पालन करते हुए कार्य संचालन पाया गया।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन पर सभी स्थानों पर गैस, पेट्रोल पंप और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एलपीजी आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं को समय पर और सही मात्रा में गैस उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, और इसके लिए निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button