कोटद्वार पौड़ी गढ़वाल

हरेला पर्व पर मालन धाम में हुआ वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण हमारी संस्कृति और जिम्मेदारी : ऋतु खण्डूडी भूषण

[gtranslate]

कोटद्वार / पौड़ी गढ़वाल *** हरेला पर्व के शुभ अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं विधायक कोटद्वार ऋतु खण्डूडी भूषण ने वन विभाग कोटद्वार एवं वीर चंद्र सिंह गढ़वाली भाबर मंडल भाजपा के संयुक्त तत्वावधान में मालन नदी तट स्थित मालन धाम में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ ऋतु खण्डूडी भूषण ने शीशम का पौधा रोपित कर किया। इस अवसर पर वन विभाग द्वारा कुल 250 पौधों के रोपण का लक्ष्य रखा गया, जिनमें नीम, पीपल, शीशम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल हैं।

अपने संबोधन में ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि हरेला उत्तराखंड की लोक संस्कृति, प्रकृति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक पर्व है। हमारी परंपराओं में वृक्षों और प्रकृति को देवतुल्य माना गया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की धरती ने विश्व प्रसिद्ध चिपको आंदोलन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का ऐसा संदेश दिया, जिसने पूरी दुनिया को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने की प्रेरणा दी। आज आवश्यकता है कि हम उसी भावना को आगे बढ़ाते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें और लगाए गए पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि जल संरक्षण, स्वच्छ वायु और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के आधार भी हैं। हरेला पर्व हमें प्रकृति के साथ अपने संबंधों को मजबूत करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है।

ऋतु खण्डूडी भूषण ने बताया कि उन्होंने हरेला पर्व की शुरुआत अपने निंबूचौड़ स्थित आवास पर वृक्षारोपण कर की और इसके बाद मालन धाम में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की।

इस अवसर पर मुख्य वन संरक्षक सुशांत कुमार पटनायक, प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) जीवन मोहन, मंडल अध्यक्ष आशीष रावत, पार्षद दीपक पाठक, भास्कर बड़ोला, जगत सिंह, मनमोहन, बबीता सिंह, ज्योति जखमोला, गणेश कोठारी, संजीव जखमोला, गुड्डी उनियाल, अमित पोखरियाल, चंद्रशेखर तिवारी, कपिल जोशी, महेंद्र पाल सहित वन विभाग के अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button