कोटद्वार पौड़ी गढ़वाल

कोटद्वार: कारगिल विजय दिवस पर वीर शहीदों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, वीर नारियों, पूर्व सैनिकों एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों का हुआ सम्मान,,,।

[gtranslate]

कोटद्वार / पौड़ी गढ़वाल *** विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं विधायक कोटद्वार ऋतु खण्डूडी भूषण ने कोटद्वार-बद्रीनाथ मार्ग स्थित नगर निगम प्रेक्षागृह में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, लैंसडाउन द्वारा आयोजित कारगिल विजय दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उनके प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।

अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक ऐतिहासिक विजय का प्रतीक नहीं, बल्कि भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, अटूट राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सर्वोच्च बलिदान का गौरवशाली पर्व है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 में भारतीय सेना ने अत्यंत विषम परिस्थितियों में अद्वितीय वीरता का परिचय देते हुए दुश्मनों को परास्त कर तिरंगे की आन, बान और शान को अक्षुण्ण रखा। यह विजय प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।
उन्होंने कहा कि हमारे वीर सैनिक सीमाओं पर दिन-रात कठिन परिस्थितियों में देश की सुरक्षा के लिए समर्पित रहते हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह उनके त्याग और बलिदान का सम्मान करे। उन्होंने कहा कि शहीद कभी मरते नहीं, बल्कि अपने साहस और बलिदान के कारण सदैव राष्ट्र की चेतना में अमर रहते हैं। वीर नारियों और शहीद परिवारों का धैर्य, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण भी उतना ही प्रेरणादायी है, जितना हमारे सैनिकों का शौर्य। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे देशभक्ति, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की भावना को अपने जीवन का आधार बनाएं तथा देश के गौरव और विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि कारगिल के वीरों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता रहेगा।

कार्यक्रम में ब्रिगेडियर बी.एस. नेगी ने कारगिल युद्ध की पृष्ठभूमि, भारतीय सेना द्वारा दुर्गम पहाड़ियों पर लड़े गए युद्ध, सैनिकों के अदम्य साहस तथा ऑपरेशन विजय की सफलता की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध भारतीय सेना के अद्वितीय शौर्य, रणनीतिक कौशल और अटूट मनोबल का स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और देशसेवा की भावना को आत्मसात करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया। उनकी प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार में राष्ट्रभक्ति का वातावरण बना दिया।
इस अवसर पर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों की वीर नारियों एवं पूर्व सैनिकों को शॉल, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित वीर नारियों में शहीद नायक हरेन्द्र सिंह मेसन (इंजीनियर रेजीमेंट) की धर्मपत्नी श्रीमती रेखा देवी, शहीद राइफलमैन उदल सिंह (गढ़वाल राइफल्स) की धर्मपत्नी श्रीमती राजी देवी, शहीद नायक सुरेन्द्र सिंह (गढ़वाल राइफल्स) की धर्मपत्नी श्रीमती दयावती देवी, शहीद राइफलमैन भरत सिंह (गढ़वाल राइफल्स) की धर्मपत्नी श्रीमती रामेश्वरी देवी, शहीद राइफलमैन भरत सिंह (नागा रेजीमेंट) की धर्मपत्नी श्रीमती नीता रावत, शहीद नायक अनिल सिंह (पैरा रेजीमेंट) की धर्मपत्नी श्रीमती उषा देवी, शहीद हवलदार मदन सिंह (गढ़वाल राइफल्स) की धर्मपत्नी श्रीमती जीत देवी, शहीद लांस नायक सुरमन सिंह, सेना मेडल (गढ़वाल राइफल्स) की धर्मपत्नी श्रीमती कविता बिष्ट, शहीद राइफलमैन बलवीर सिंह (गढ़वाल राइफल्स) की धर्मपत्नी श्रीमती राजेश्वरी देवी तथा शहीद राइफलमैन अनुसूया प्रसाद, वीर चक्र (गढ़वाल राइफल्स) की धर्मपत्नी श्रीमती पिंकी ध्यानी शामिल रहीं। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व सैनिकों का भी सम्मान कर उनके राष्ट्रसेवा के योगदान को नमन किया गया।

कार्यक्रम के उपरांत विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने वीर नारियों एवं पूर्व सैनिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मन की बात देशवासियों को राष्ट्रहित, सेवा, जनभागीदारी और सकारात्मक सोच के लिए प्रेरित करने वाला प्रभावी माध्यम है। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर वीर नारियों और पूर्व सैनिकों के साथ इस कार्यक्रम का श्रवण करना अत्यंत भावुक एवं गौरवपूर्ण क्षण रहा।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित हिंदी निबंध प्रतियोगिता एवं पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। हिंदी निबंध प्रतियोगिता में याशी नेगी ने प्रथम, ज्योति कंडवाल ने द्वितीय तथा लावण्या चौधरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पेंटिंग प्रतियोगिता में कविता ने प्रथम, आयुष कोरीवाल ने द्वितीय तथा अतिव कोरीवाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राज गौरव नौटियाल, ब्रिगेडियर बी.एस. नेगी, कर्नल बी.बी. ध्यानी, कर्नल कुंवर अजय सिंह, लेफ्टिनेंट कर्नल बी.एस. गुंसाई, विंग कमांडर बी.एस. रावत, ग्रुप कैप्टन शिव प्रसाद सती, कैप्टन शिवम सती, कैप्टन गजेंद्र मोहन धस्माना, कैप्टन श्रीधर प्रसाद, मेजर जगदीश प्रसाद, सूबेदार मेजर गोपाल दत्त जखमोला, सूबेदार मेजर कुलदीप रावत, सूबेदार मेजर सतीश चंद्र जोशी, सूबेदार मेजर केसर सिंह बिष्ट, कैप्टन हसवंत सिंह, हवलदार कुबेर जलाल सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीर नारियां, गणमान्य नागरिक, अधिकारीगण, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button