कोटद्वार: प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत ने किया निरीक्षण लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन एवं आवश्यक सुविधाओं की ली जानकारी,,,।




कोटद्वार / पौड़ी गढ़वाल *** कोटद्वार नगर निगम के महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत ने आज नगर निगम अधिकारियों एवं वार्ड संख्या 32 के पार्षद श्री दीपक पाठक के साथ शिवराजपुर क्षेत्र का भ्रमण एवं निरीक्षण किया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत चिन्हित मकानों का स्थलीय निरीक्षण किया गया तथा योजना के लाभार्थियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी ली गई।
महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों को आवास जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराना जनकल्याण की प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में नगर निगम द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान लाभार्थियों ने महापौर के समक्ष अपनी विभिन्न समस्याएं एवं सुझाव भी रखे। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं के शीघ्र निस्तारण एवं पात्र लाभार्थियों को नियमानुसार आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने को कहा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल योजनाओं का संचालन करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र नागरिक तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। वार्ड स्तर पर नियमित निरीक्षण एवं जनसंवाद के माध्यम से क्षेत्र की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर नगर निगम के संबंधित अधिकारी-कर्मचारी, पार्षद दीपक पाठक सहित क्षेत्रीय स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




