पौड़ी गढ़वाल उत्तराखंड

छात्र–छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक,,,।

पौड़ी गढ़वाल / उत्तराखंड *** महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से विकासखंड नैनीडांडा के अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज हल्दूखाल में एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। मिशन शक्ति के तहत वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका लक्ष्मी रावत ने विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा, लैंगिक अपराध, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।

वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका ने कहा कि बच्चों और महिलाओं को अपने अधिकारों तथा सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी होना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को 181 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और वन स्टॉप सेंटर योजना की जानकारी देते हुए बताया कि हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में पीड़ित कहां और किस प्रकार शिकायत कर सकते हैं। उन्होंने बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में भी बताया और किसी भी अनुचित व्यवहार की स्थिति में बिना डर के अपने अभिभावकों, शिक्षकों या संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने घरेलू हिंसा एवं अन्य प्रकार की हिंसा से पीड़ित महिलाओं को मिलने वाली सहायता और न्यायालय के माध्यम से नि:शुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों को साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की शिकायत करने के लिए जागरूक किया।

कार्यशाला में वरिष्ठ अधिवक्ता प्रदीप कुमार भट्ट ने नशे से होने वाले दुष्प्रभावों और नशे की रोकथाम के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य रेखा शर्मा, सुरेंद्र बछ्वाण, अमित कुमार, राकेश मोहन, नीलम बिष्ट सहित विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र–छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button