देहरादून

अखिलेश यादव के ‘घुसपैठिया’ वाले बयान पर भड़के सीएम धामी, किया तीखा पलटवार,,,।

देहरादून / उत्तराखंड *** उत्तराखंड की राजनीति में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के एक विवादित बयान को लेकर भूचाल आ गया है। अखिलेश यादव द्वारा उत्तराखंड के लोगों को ‘घुसपैठिया’ बताए जाने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बेहद कड़ा रुख अपनाते हुए तीखा पलटवार किया है। सीएम धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर अखिलेश यादव का वीडियो शेयर करते हुए करारा जवाब दिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने बयान में दो टूक कहा कि उत्तराखंड केवल एक राज्य नहीं, बल्कि यह देवभूमि भी है और वीरभूमि भी है। इस पावन धरती ने देश को संत, सैनिक और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित अनेक महान व्यक्तित्व दिए हैं। सीएम ने कड़े शब्दों में कहा कि अखिलेश यादव द्वारा उत्तराखंड के गौरवशाली लोगों को ‘घुसपैठिया’ कहना सीधे तौर पर देवभूमि के स्वाभिमान और हमारे महान संघर्ष का अपमान है।
इस दौरान सीएम धामी ने इतिहास की याद दिलाते हुए सपा पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता यह कभी नहीं भूल सकती कि जब अखिलेश यादव के पिता मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, तब अलग राज्य की मांग कर रहे शांतिपूर्ण आंदोलनकारियों पर मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा में गोलियां चलाई गई थीं। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि पिता के शासनकाल में उत्तराखंड के आंदोलनकारियों का खून बहाया गया और आज उनके पुत्र उत्तराखंड के मूल नागरिकों को घुसपैठिया कह रहे हैं। उत्तराखंड के लोग अपने उस ऐतिहासिक संघर्ष और बलिदान को कभी नहीं भूल सकते।
यहीं नहीं, मुख्यमंत्री धामी ने इस मामले पर कांग्रेस पार्टी को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने सवाल करते हुए पूछा कि क्या कांग्रेस अपने राजनीतिक सहयोगी अखिलेश यादव के इस अमर्यादित बयान का समर्थन करती है? क्या उत्तराखंड के मेहनतकश और स्वाभिमानी लोगों को ‘घुसपैठिया’ कहना कांग्रेस पार्टी को स्वीकार है? सीएम ने मांग की कि कांग्रेस को देवभूमि की जनता के सामने आकर इस पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और जवाब देना चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button