गुमशुदगी के मामले में लैंसडाउन पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 36 घंटे में महिला एवं दो मासूम बच्चों को खोज निकाला,,,।

लैंसडाउन / पौड़ी गढ़वाल *** संदीप बौठियाल निवासी लैंसडाउन द्वारा कोतवाली लैंसडाउन में प्रार्थना पत्र देकर बताया गया कि उनकी पत्नी प्रियंका दिनांक 11.11.2026 को अपने दो पुत्रों के साथ कोटद्वार गई थीं, लेकिन वापस घर नहीं लौटीं। परिजनों एवं परिचितों द्वारा काफी तलाश किए जाने के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया।
प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर कोतवाली लैंसडाउन में मु0अ0सं0 24/2026, धारा 140(3) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लैंसडाउन के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई तथा गुमशुदा महिला एवं बच्चों की तलाश के लिए तत्काल प्रयास शुरू किए गए। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया गया तथा संभावित स्थानों पर लगातार तलाश एवं सुरागरसी की गई। पुलिस के अथक प्रयासों एवं प्रभावी कार्यवाही के परिणामस्वरूप कोटद्वार से महिला एवं दोनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया गया। जिसके पश्चात आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करने के उपरांत महिला एवं दोनों बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।






