कांग्रेस ने भाजपा को दिया झटका, कई नेता पार्टी में शामिल,आप के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अमित जोशी और पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी ने थामा कांग्रेस का हाथ,,,।

प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा और अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पटका पहनाकर किया स्वागत
2027 चुनाव से पहले संगठन मजबूत करने की कवायद तेज

देहरादून / उतराखंड *** उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राजनीतिक दलों में जोड़तोड़ और नेताओं के पाला बदलने का सिलसिला तेज होने लगा है। इसी क्रम में गुरुवार को आम आदमी पार्टी और अन्य राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़े कई नेताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में सभी को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई गई।
कांग्रेस में शामिल होने वालों में आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित जोशी, लालकुआं विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी रही पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी, कैलाश चन्द्र उर्फ किरन डालाकोटी, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष एवं पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य महेश जगूड़ी तथा पूर्व राज्य मंत्री नईम कुरैशी प्रमुख रूप से शामिल रहे। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा और सहप्रभारी मनोज यादव सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
भाजपा सरकार को सत्ता से हटाना जरूरीः नए सदस्य
कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने वाले नेताओं ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र में विफल साबित हुई है। उत्तराखंड राज्य की स्थापना जिन शहीद आंदोलनकारियों के सपनों और आकांक्षाओं को लेकर हुई थी, उन सपनों का प्रदेश बनाने के लिए मौजूदा सरकार को सत्ता से हटाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कुशासन से प्रदेश को मुक्ति दिलाने और उत्तराखंड को विकास एवं जनहित की राह पर आगे बढ़ाने में कांग्रेस सक्षम है। सभी ने कांग्रेस की विचारधारा और संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण से काम करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि पार्टी जहां भी जिम्मेदारी सौंपेगी, वे सामान्य कार्यकर्ता के रूप में पूरी ईमानदारी से अपनी भूमिका निभाएंगे।
कांग्रेस ने सभी वर्गों के सम्मान का किया कामः सैलजा
प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने नए सदस्यों का पटका पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक लोकतांत्रिक पार्टी है, जो सभी धर्मों, वर्गों, संप्रदायों और जातियों का सम्मान करती है। आजादी के आंदोलन से लेकर अब तक कांग्रेस ने राजनीतिक भूमिका निभाने के साथ सामाजिक सुधार और समाज को नई दिशा देने का काम भी किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस की पहली निर्वाचित सरकार ने विकास की मजबूत नींव रखी थी। प्रदेश के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से औद्योगिक इकाइयों की स्थापना की गई और पलायन रोकने के प्रयास किए गए। कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में विकास का आधारभूत ढांचा तैयार किया, लेकिन भाजपा सरकार ने उसे कमजोर करने का काम किया है।
बदहाल स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में धार्मिक सद्भाव बिगाड़ने और समाज में विभाजन पैदा करने के प्रयास हुए हैं। धर्म के नाम पर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था बदहाल है। महिला अत्याचार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और शिक्षित बेरोजगार रोजगार के लिए भटक रहे हैं। नेताओं ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। कांग्रेस प्रदेश के विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सद्भाव के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।






