अंकिता भंडारी की निजी व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक करने के मामले में जीरो एफआईआर दर्ज, थाने पहुंचे विनोद आर्य,खुद का नार्को टेस्ट कराने की जताई इच्छा, अंकिता के माता-पिता समेत आरोप लगाने वालों का भी परीक्षण कराने की उठाई मांग,,,।


देहरादून / उत्तराखंड *** अंकिता भंडारी की निजी व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक किए जाने के विवाद ने अब कानूनी मोड़ ले लिया है। इस मामले में जीरो एफआईआर दर्ज होने के बाद गुरुवार को आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य थाना राजपुर पहुंचे। उन्होंने पुलिस के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही कहा कि यदि उनके खिलाफ आरोपों के आधार पर मामला बनता है तो पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर सकती है। विनोद आर्य ने स्वयं नार्को टेस्ट कराने की इच्छा जताते हुए अंकिता के माता-पिता और आरोप लगाने वाले अन्य लोगों का भी नार्को टेस्ट कराने की मांग की।
मामले की शुरुआत तब हुई जब अंकिता भंडारी के माता-पिता ने 25 नवंबर को देहरादून स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचकर अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) से मुलाकात की। उन्होंने विनोद आर्य और उनके अधिवक्ता अनुज पुंडीर के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि अंकिता की निजी व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक की गई है। शिकायत के आधार पर थाना राजपुर में दोनों के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की गई। बाद में मामले को जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए हरिद्वार नगर कोतवाली स्थानांतरित कर दिया गया। अंकिता के माता-पिता पिछले कई दिनों से इस प्रकरण में मुकदमा दर्ज कराने के लिए पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगा रहे थे। उन्होंने थाना राजपुर में भी शिकायत दी थी, लेकिन मामला हरिद्वार से संबंधित होने के कारण वहां प्राथमिकी दर्ज किए जाने की बात कही गई थी। इससे निराश होकर बुधवार को अंकिता के माता-पिता गांधी पार्क में धरने पर बैठ गए। बाद में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ वे पुलिस मुख्यालय पहुंचे और शिकायत पर मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई। जीरो एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद गुरुवार को विनोद आर्य स्वयं थाना राजपुर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्हें अपने खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी मिली है और इसी संबंध में वह अपना पक्ष रखने आए हैं। उन्होंने कहा कि यदि जांच में उनके खिलाफ आरोप साबित होते हैं तो पुलिस नियमानुसार कार्रवाई कर सकती है। थाने में विनोद आर्य ने मामले की निष्पक्ष जांच पर जोर देते हुए नार्को टेस्ट कराने की इच्छा भी जाहिर की। उनका कहना था कि अंकिता को न्याय मिलना चाहिए और जांच में किसी के साथ पक्षपात नहीं होना चाहिए। उन्होंने अंकिता के माता-पिता सहित मामले में आरोप लगाने वाले अन्य लोगों का भी नार्को टेस्ट कराने की मांग रखी। अब इस प्रकरण में पुलिस जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।






