देहरादून

भ्रष्टाचार के खिलाफ सड़कों पर उतरा कांग्रेस का जनसैलाबलोकभवन कूच के दौरान पुलिस से तीखी झड़प,,,।

हाथीबड़कला में बैरिकेडिंग लगाकर रोका गया कांग्रेसियों का मार्च
बैरिकेडिंग पर चढ़कर आगे बढ़ने का किया प्रयास
राज्यभर में चलाए गए हस्ताक्षर अभियान के दस्तावेज राज्यपाल को सौंपने की थी तैयारी


देहरादून / उत्तराखंड *** प्रदेश में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस ने गुरुवार को शक्ति प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने लोकभवन की ओर कूच किया। इस दौरान हाथीबड़कला चौकी के समीप पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कांग्रेस कार्यकर्ता राजपुर रोड स्थित प्रदेश मुख्यालय में एकत्र हुए। यहां से जुलूस के रूप में कांग्रेस भवन से राजपुर रोड, दिलाराम बाजार और सालावाला होते हुए हाथीबड़कला की ओर रवाना हुए। प्रदर्शनकारियों की योजना भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदेशभर में चलाए गए हस्ताक्षर अभियान के दस्तावेज राज्यपाल को सौंपने की थी। कांग्रेस ने 10 से 23 नवंबर तक प्रदेश के सभी जिला, ब्लॉक और महानगर मुख्यालयों में हस्ताक्षर अभियान चलाया था। इस अभियान के तहत बड़ी संख्या में लोगों से हस्ताक्षर कराकर भ्रष्टाचार के खिलाफ जनसमर्थन जुटाने का प्रयास किया गया। हस्ताक्षरयुक्त बैनर और पोस्टर एकत्र कर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचाए गए थे। हाथीबड़कला में पुलिस द्वारा रोके जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी बहस हुई। कुछ कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़कर आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे। इससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। समाचार लिखे जाने तक पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच खींचतान जारी थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button