देहरादून

पवाणी गांव अग्निकांड से प्रभावित प्रत्येक परिवार को रु.5 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा,,,।

मुख्यमंत्री धामी ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों का जाना दर्द, बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षित आवास की व्यवस्था के दिए निर्देश

उत्तरकाशी / उत्तराखंड *** मोरी तहसील के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को पीड़ितों से मुलाकात कर उनका दुःख-दर्द साझा किया। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक प्रभावित परिवार से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी समस्याएं और जरूरतें जानीं। उन्होंने अग्निकांड में प्रभावित प्रत्येक परिवार को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा करते हुए अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी पीड़ा सुनी और भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को दोबारा सामान्य जीवन में लौटाने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए शासन-प्रशासन का पूरा तंत्र सक्रियता से काम करेगा।
सर्दी और बर्फबारी से पहले सुरक्षित आवास की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सबसे पहले अग्निकांड प्रभावित परिवारों के रहने के लिए सुरक्षित और समुचित आवास की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कड़ाके की ठंड के साथ बर्फबारी की भी संभावना रहती है। ऐसे में राहत शिविरों और अस्थायी आवास की व्यवस्था इस तरह की जाए कि बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने नुकसान का वास्तविक और विस्तृत आकलन कर प्रभावितों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराने को कहा।
छह माह का राशन और बच्चों की पढ़ाई की होगी व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निकांड में ग्रामीणों के मकानों के साथ ही घरों में सुरक्षित रखा छह माह का राशन भी नष्ट हो गया है। इससे प्रभावित परिवारों के सामने खाद्यान्न का संकट खड़ा हो सकता है। इसे देखते हुए आगामी छह माह के राशन की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों से बच्चों की शिक्षा बाधित न होने देने के लिए आवश्यक प्रबंध करने को भी कहा। साथ ही माताओं-बहनों, बुजुर्गों और अन्य जरूरतमंदों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
गांव की दीर्घकालिक जरूरतों पर भी होगा काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि पवाणी गांव की भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जलाशय, हेलीपैड सहित अन्य जरूरी विकास कार्यों पर भी काम किया जाएगा। हालांकि फिलहाल सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना और उनका पुनर्वास सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक पीड़ित परिवार को संकट से उबारने के लिए सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रयास करेगी।
इस दौरान विधायक दुर्गेश्वर लाल और ग्रामीणों ने अग्निकांड की घटना का तत्काल संज्ञान लेने तथा प्रभावित परिवारों तक शीघ्र राहत एवं सहायता पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button